आर्य देसाई ने रचा इतिहास, टी20 में 81 गेंदों पर खेली 193 रनों की धमाकेदार पारी

Arya

नई दिल्ली। गुजरात के आर्य देसाई ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में 81 गेंदों पर शानदार 193 रन बनाए। यह टूर्नामेंट गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त है। आर्य की इस पारी को टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर माना जा रहा है।

22 साल के इस खिलाड़ी के जबरदस्त प्रदर्शन ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कई स्थानीय हैंडल्स और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के आधिकारिक ‘इंस्टाग्राम’ हैंडल ने इसे टी20 मैच में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बताया है। जीसीए के सचिव अनिल पटेल ने आईएएनएस को इस बात की पुष्टि की है।

रणजी और दिलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चुके आर्य देसाई ने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया। उन्होंने अपनी तूफानी पारी के दौरान 21 चौके और 14 छक्के जड़े। यह लीग का छठा संस्करण है और इसमें हर जिले से सभी आयु वर्गों के राज्य के शीर्ष संभावित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

आर्य देसाई कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के पूर्व खिलाड़ी हैं और नेशनल क्रिकेट एकेडमी के कैंप में नियमित रूप से शामिल होते हैं। राज्य स्तर पर वह अपनी निरंतरता, क्लास और आत्मविश्वास के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं। जीसीए के सचिव अनिल पटेल ने एक क्रिकेटर के तौर पर आर्य देसाई के अब तक के सफर के बारे में बताया।

अनिल पटेल ने फोन पर ‘आईएएनएस’ को बताया, “मैंने किसी को भी इस तरह से गेंद को मारते हुए नहीं देखा, जैसा आर्य ने किया। यह पारी सूरत जिला क्रिकेट एसोसिएशन और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त एक टूर्नामेंट में आई है। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के 11 जिलों के सभी संभावित खिलाड़ी इसी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट का छठा सीजन खेला जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जीसीए पिछले तीन सीजन से इसी पैटर्न पर महिलाओं का टूर्नामेंट भी आयोजित कर रहा है।

पटेल ने कहा कि राज्य के सभी अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर खिलाड़ी सूरत में हो रहे इस टूर्नामेंट में अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आर्य देसाई के बारे में बात करते हुए पटेल ने कहा, “वह पहले आईपीएल में केकेआर टीम का हिस्सा थे और वह एक बहुत ही होनहार खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने दोनों व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। पिछली बार उन्हें दिलीप ट्रॉफी टीम में जगह मिली थी और इमर्जिंग प्लेयर्स टूर्नामेंट के लिए भारत की अंडर-23 टीम में भी चुना गया था। कुल मिलाकर, हम उनके लिए एक अच्छे भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *