रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में चोरी के तीन मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, असम पुलिस को सौंपा

police

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल ने चोरी की घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 30 हजार रुपए के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद गुवाहाटी पुलिस को सौंप दिया गया, जहां उससे मामले के संदर्भ में पूछताछ की जा रही है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान अब उससे इस संदर्भ में अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास किया ज रहा है, ताकि आगे की कार्रवाई की पूरी रूपरेखा निर्धारित की जा सके।

रेलवे पुलिस बल के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की इस घटना को नई दिल्ली से गुवाहाटी जा रही पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति में अंजाम दिया था।

वहीं, रेलवे पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में एक अन्य आरोपी को भी कटिहार से गिरफ्तार किया। यह आरोपी भी चोरी की घटना में ही संलिप्त था। इसके पास से 32 हजार रुपए नकद और चोरी का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कटिहार पुलिस को सौंप दिया गया है। उसके खिलाफ अब भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के बारे में विचार किया जा रहा है।

पुलिस ने एक तीसरी कार्रवाई में न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 25 हजार रुपए और चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

रेलवे पुलिस बल ने स्पष्ट किया कि हमारे लिए अपने यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, लिहाजा हम उसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर सकते। ऐसी स्थिति में अगर इस तरह का कोई भी मामला प्रकाश में आता है, तो निसंदेह उसके खिलाफ अविलंब कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे पुलिस बल ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें इस तरह की किसी भी घटना के बारे में जानकारी मिलती है तो फौरन हमें बताएं, क्योंकि हमारे लिए रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *