खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बारिश के बीच एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। जावर थाना क्षेत्र में एक टापू पर फंसे 4 युवकों को करीब 11 घंटे तक चले संयुक्त ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। इस ऑपरेशन को खंडवा एसडीआरएफ, इंदौर एसडीआरएफ, होमगार्ड और जिला प्रशासन की टीमों ने मिलकर अंजाम दिया।
एसडीआरएफ के कमांडेंट आशीष कुशवाह ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि 4 युवक जावर थाना क्षेत्र के एक टापू पर फंस गए हैं। बताया गया कि सभी युवक घूमने के लिए वहां गए थे, लेकिन अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण नहीं लौट सके।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कंपनी कमांडर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन नदी में पानी का बहाव इतना तेज था कि शुरुआती दौर में नाव और रस्सियों की मदद से भी युवकों तक पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा था। स्थिति को देखते हुए तुरंत राज्य स्तरीय कमांड सेंटर से संपर्क किया गया और इंदौर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। साथ ही एनडीआरएफ से भी समन्वय किया गया। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट की संभावना को देखते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी पूरी जानकारी दी।
रेस्क्यू के दौरान राहत की बात यह रही कि चारों युवकों के पास मोबाइल फोन थे, जिससे लगातार उनसे संपर्क बना रहा। एसडीआरएफ की टीम ने ड्रोन की मदद से उनके पास लाइफ जैकेट, खाने के पैकेट और पानी पहुंचाया। फोन पर उन्हें लाइफ जैकेट सही तरीके से पहनने का तरीका भी बताया गया।
इस बीच रेस्क्यू टीम लगातार नदी के जलस्तर और बहाव पर नजर बनाए रही। सुबह के समय पानी का बहाव थोड़ा कम होने पर बचाव दल नाव के जरिए टापू तक पहुंचा और चारों युवकों को सुरक्षित निकालकर किनारे ले आया।
कमांडेंट आशीष कुशवाह के अनुसार, इस अभियान में इंदौर एसडीआरएफ की पांच सदस्यीय टीम, खंडवा एसडीआरएफ, होमगार्ड, गोताखोरों और जिला प्रशासन समेत करीब 30 से अधिक जवान शामिल रहे। सभी एजेंसियों के बेहतर समन्वय और संयुक्त प्रयास से यह कठिन अभियान सफल रहा। सूचना मिलने से लेकर चारों युवकों को सुरक्षित निकालने तक पूरे ऑपरेशन में लगभग साढ़े 10 से 11 घंटे का समय लगा।

