मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के प्रमोशन के साथ जुड़ा है मेरा इमोशन: सीएम मोहन यादव

mohan

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों के प्रमोशन के साथ उनका इमोशन जुड़ा है।

राज्य के मंत्रालय के कर्मचारियों के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि किसी कार्य की फाइल को टेबल तक लाने और उस कार्य को क्रियान्वित करने में कर्मचारियों की अथक मेहनत लगती है। कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए सभी प्रकार के वेतन, भत्ते और पदोन्नति देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। ये सभी कर्मचारियों का अधिकार है, जो कर्मचारियों के मन में ऊर्जा का संचार करता है। उनके परिवार में खुशी आती है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कर्मचारियों को समय पर अभी लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि देरी से लिया गया निर्णय भी अन्याय के समान होता है। हमारी सरकार कर्मचारियों के प्रमोशन के साथ अपना इमोशन जोड़कर निर्णय लेती है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया अब रुकेगी नहीं, अब पदोन्नति का यह क्रम साल दर साल चलता रहेगा। इस साल सभी विभागों में पदोन्नति के लिए डीपीसी प्रारंभ होने वाली है। सभी पात्र कर्मचारियों को फिर से पदोन्नति का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पारदर्शी निर्णय और दृढ़ संकल्प ही सुशासन का आधार स्तंभ है। कर्मचारियों के हित में हमारी सरकार सभी कल्याणकारी निर्णय लेने के लिए सदैव तत्पर है।

दरअसल, मुख्यमंत्री यादव कर्मचारियों के वेतन भत्तों से लेकर किसानों के कल्याण, गरीब, महिला और युवा सहित सभी वर्गों के लिए जनहितैषी निर्णय ले रहे हैं। 13 दिसंबर 2023 को राज्य के कर्मचारियों को सौगात मिली थी। कर्मचारियों को वर्ष 2013 से रुके भत्तों का भुगतान किया गया। इसके बाद 2026 में प्रदेश के 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रमोशन हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *