खाड़ी देशों में बढ़ते सुरक्षा संकट का असर: एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद व दम्माम की उड़ानें 7 नवंबर तक कीं रद्द

Air

नई दिल्ली। मध्य पूर्व (खाड़ी क्षेत्र) में गहराते भू-राजनीतिक तनाव और हवाई क्षेत्रों की अनिश्चितता के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को घोषणा की कि रियाद और दम्माम के लिए उनकी उड़ान सेवाएं 7 नवंबर 2026 तक स्थगित रहेंगी। वहीं, जेद्दा शहर के लिए संचालित की जाने वाली उड़ानों का निलंबन 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

सुरक्षा समीक्षा के बाद एअर इंडिया और उसकी किफायती सेवा एयरलाइन एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए परिचालन अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है।

केवल एअर इंडिया ही नहीं, बल्कि इंडिगो और अकासा एअर ने भी सऊदी अरब के विभिन्न शहरों के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है।

एअर इंडिया एक्सप्रेस और एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है। जिन यात्रियों की पहले से बुकिंग थी, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क (वन-टाइम कॉम्प्लिमेंट्री रीबुकिंग) के सऊदी अरब या बहरीन के किसी अन्य चालू हवाई अड्डे से भारत के लिए अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर सकते हैं।

एयरलाइंस ने सभी यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपने टिकटों के पूर्ण रिफंड या नई तिथियों पर यात्रा के लिए आधिकारिक कस्टमर केयर और ट्रैवेल एजेंटों से संपर्क बनाए रखें।

पश्चिम एशिया के हवाई अड्डों और हवाई मार्गों पर बने सुरक्षा खतरों को देखते हुए विमानन कंपनियों का कहना है कि यात्रियों व क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और स्थिति सामान्य होने पर ही परिचालन बहाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *