By Our Correspondent,
bhopalbulletin.com
भोपाल। बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने तथा सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीट संस्था एवं क्राई फेलो रेखा श्रीधर के संयुक्त तत्वावधान में आज मंगलवार को एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, पुस्तकें एवं स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की गई।
भोपाल बुलेटिन डॉट कॉम को मिली जानकारी के अनुसार आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, बाल अधिकारों एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि के अनुचित उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
सुनीत अग्रवाल ने निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बताया कि देश का कोई भी नागरिक कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर इस नंबर पर संपर्क कर मुफ्त सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अभिभावकों एवं बच्चों से नशे से दूर रहने और समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में अयोध्या नगर थाना के एएसआई राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की असहज या संदिग्ध स्थिति में बच्चों को तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
इस अवसर पर सुपरवाइजर अनामिका ने स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व पर प्रकाश डाला तथा स्पॉन्सरशिप से जुड़े बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया। वहीं दीप कॉन्वेंट स्कूल के प्राचार्य ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बाल श्रम से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा से जोड़ना था। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने आर्थिक रूप से कमजोर 11 बच्चों की स्कूल फीस का सहयोग प्रदान कर उन्हें स्पॉन्सर किया, ताकि आर्थिक तंगी के कारण उनकी पढ़ाई बाधित न हो और वे मजदूरी करने के लिए मजबूर न हों।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, पुस्तकें एवं यूनिफॉर्म वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए अपने बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में क्राई फेलो रेखा श्रीधर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, बच्चों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा एवं समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



