पोलैंड के क्राको में भीषण गोलीबारी, मुख्य बाजार में हमलावर ने की अंधाधुंध फायरिंग

Firing

नई दिल्ली। यूरोप के शांत माने जाने वाले देश पोलैंड के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक शहर क्राको से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सेंट्रल मार्केट स्क्वायर में एक 24 वर्षीय सनकी हमलावर ने कार में सवार होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में आधुनिक राइफल से अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस भीषण गोलीबारी में शुरुआत में 5 से 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में हमलावर के घर से उसके परिवार के 3 सदस्यों के शव मिलने के बाद कुल मृतकों की संख्या 9 तक पहुंच गई है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने इस भीषण वारदात को देश के लिए एक बेहद दर्दनाक त्रासदी बताया है और जांच के आदेश दिए हैं।

7 नवंबर की दोपहर को सैन्य वर्दी पहने और बुलेटप्रूफ जैकेट लगाए हमलावर काले रंग की सुबारू कार से क्राको के मुख्य बाजार में दाखिल हुआ। उसने गाड़ी के अंदर से ही सड़क पर घूम रहे पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और पास से गुजर रही ट्राम पर स्वचालित AR-15 राइफल से अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

वारदात के बाद भाग रहे हमलावर को जब पुलिस ने घेरा, तो उसने पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाईं, जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच आगे बढ़ते ही पुलिस जब हमलावर के गृहनगर ओस्त्रोविएक स्थित घर पर पहुंची, तो वहां ड्रोन और तलाशी अभियान के दौरान उसकी मां, पिता और बहन के शव बरामद हुए। अधिकारियों का मानना है कि क्राको के बाजार में नरसंहार करने से पहले आरोपी ने अपने ही घर में तीनों परिजनों की हत्या कर दी थी।

मारे गए लोगों में पोलिश नागरिकों के अलावा एक ब्रिटिश नागरिक भी शामिल है, जबकि घायलों में कई विदेशी पर्यटक और स्थानीय लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

पोलैंड के गृह मंत्री मार्सिन किर्विंस्की ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार हमलावर ‘उग्र-दक्षिणपंथी विचारधारा’ से प्रभावित था।शहर में शोक की घोषणा: क्राको के मेयर ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शहर में आधिकारिक शोक घोषित कर दिया है, वहीं राजधानी वारसॉ और व्रोकला सहित कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए बहादुर पुलिसकर्मियों की सराहना की और राजनेताओं से इस दुखद घटना पर राजनीति न करने की अपील की। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की, अमेरिकी राजदूत और यूरोपीय संघ (EU) के प्रमुख नेताओं ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पोलैंड की जनता के साथ एकजुटता जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *