हॉकी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे मैच में हारी भारतीय महिला टीम, सीरीज 2-2 से बराबर रही

hockey

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम को शनिवार को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए चार मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज 2-2 से बराबरी पर रही।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत जोरदार तरीके से करते हुए दूसरे ही मिनट में 1-0 की बढ़त बना ली। नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर ऑस्ट्रेलिया पर शुरुआती दबाव डाला। दूसरे क्वार्टर में, दीपिका सोरेंग (23′) ने एक शानदार गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। हाफ-टाइम तक स्कोर 2-0 ही रहा।

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे क्वार्टर में जोरदार वापसी की और एब्बी विल्सन (42′) और ओलिविया डाउन्स (44′) ने कुछ ही समय के अंतराल में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। मैच के आखिरी मिनटों में कोर्टनी शोनल (58′) के गोल ने मेजबान टीम को न सिर्फ बढ़त दिलायी बल्कि 3-2 से जीत भी दिला दी।

भारतीय टीम के लिए यह दौरा सकारात्मक रहा है। सीरीज के पहले मैच में हार के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की थी और अगले 2 मैच जीतकर 2-1 की बढ़त बना ली थी। दूसरा मैच भारतीय टीम ने शूटआउट में 4-2 से, जबकि तीसरा मैच 2-0 से जीता था। दोनों मैचों में भारतीय टीम ने जबरदस्त जुझारूपन, रणनीतिक अनुशासन और दमदार आक्रमण का प्रदर्शन किया। चौथे मैच की शुरुआत भी भारतीय टीम ने उसी अंदाज में की, लेकिन मैच के आखिरी हाफ में ऑस्ट्रेलिया भारी पड़ गई और मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कर लिया।

भारतीय टीम को इस सीरीज से मिले अनुभवों का फायदा न्यूजीलैंड में होने वाले एफआईएच नेशंस कप में मिलेगा।

इससे पहले अर्जेंटीना में भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। अर्जेंटीना के खिलाफ 4 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम को शुरुआती 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन, आखिरी 2 मैचों में जीत दर्ज कर टीम इंडिया ने सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *