लंका प्रीमियर लीग 2026 के लिए 650 से ज्यादा विदेशी खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

lanka

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के छठे सीजन ने जबरदस्त दिलचस्पी पैदा की है। 1 जून को होने वाले प्लेयर ड्राफ्ट से पहले 650 से ज्यादा विदेशी क्रिकेटर्स ने इस टूर्नामेंट के लिए खुद को रजिस्टर किया है।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने शनिवार को एक बयान में कहा, “लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2026 के छठे सीजन के लिए 650 से अधिक विदेशी खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है। आईसीसी के सभी फुल मेंबर देशों के साथ-साथ कई एसोसिएट मेंबर देशों के खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट के लिए रजिस्टर करने वालों में शामिल हैं।”

फुल मेंबर देशों में, पाकिस्तान से सर्वाधिक 102 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, जिसके बाद वेस्टइंडीज से 75 और साउथ अफ्रीका से 66 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया। बांग्लादेश से 48 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया, जबकि न्यूजीलैंड से 41 खिलाड़ियों ने ड्राफ्ट पूल के लिए साइन अप किया है। ऑस्ट्रेलिया से 24, इंग्लैंड से 15 और भारत से 12 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है।

एसोसिएट देशों में, सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात और आयरलैंड से आए। कुल मिलाकर, 21 क्रिकेट खेलने वाले देशों के खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में हिस्सा लिया है।

हालांकि, टूर्नामेंट के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया के बाद फाइनल ड्राफ्ट के लिए सिर्फ 310 खिलाड़ियों को ही शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। एलपीएल 2026 के लिए प्लेयर ड्राफ्ट 1 जून को होगा, और टूर्नामेंट 17 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगा।

इस बीच, एसएलसी ने लंका प्रीमियर लीग के पहले मैच की घोषणा कर दी है। 17 जुलाई को मौजूदा चैंपियन जाफना किंग्स का सामना रनर-अप गॉल मार्वल्स से होगा। यह मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में आयोजित होगा।

पहले इस टूर्नामेंट की शुरुआत दिसंबर 2025 में करवाने की योजना थी, लेकिन आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की वजह से इसे री-शेड्यूल किया गया।

इस सीजन 5 फ्रेंचाइजी डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इसके बाद टॉप चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी। 8 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *