ऑरलैंडो सिटी से जुड़ने को तैयार एटलेटिको मैड्रिड के फ्रेंच स्टार ग्रीजमैन

Griezmann

नई दिल्ली। एटलेटिको मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड एंटोनी ग्रीजमैन मौजूदा सीजन के अंत में क्लब छोड़कर ऑरलैंडो सिटी से जुड़ने वाले हैं।

स्पेन के प्रमुख खेल समाचार पत्रों डायरिओ एएस, स्पोर्ट और एल मुंडो डेपोर्टिवो के अनुसार, ग्रिजमैन को मौजूदा अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के दौरान अमेरिका जाकर ऑरलैंडो सिटी के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट साइन करने की अनुमति मिल गई है। क्लब सूत्रों ने भी इस ट्रांसफर की पुष्टि की है।

सूत्र ने सोमवार को कहा, “एंटोनी ग्रीजमैन को उनके क्लब ने उनके छुट्टियों के दिनों में ऑरलैंडो जाने की अनुमति दे दी है, ताकि वह अपने भविष्य से जुड़ी चर्चाओं में आगे बढ़ सकें।”

एंटोनी ग्रीजमैन 211 गोल के साथ एटलेटिको मैड्रिड के इतिहास के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर हैं। इसके अलावा, वह क्लब के इतिहास में चौथे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने 10 सीजन में कुल 488 मुकाबले खेले हैं।

‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, एंटोनी ग्रीजमैन के बारे में फरवरी में ही एटलेटिको मैड्रिड छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जब मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) का ट्रांसफर विंडो खुला हुआ था। हालांकि, 35 वर्षीय खिलाड़ी की शानदार फॉर्म और यह तथ्य कि एटलेटिको अभी भी चैंपियंस लीग में बना हुआ है और इस सीजन के कोपा डेल रे फाइनल में भी पहुंच चुका है, ने उन्हें मौजूदा अभियान के अंत तक टीम के साथ बने रहने के लिए प्रेरित किया।

एंटोनी ग्रीजमैन ने अपने सीनियर क्लब करियर की शुरुआत 2009 में स्पेनिश टीम रियल सोसिएदाद के साथ की थी, जहां वे पहले एक युवा खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके थे, उन्होंने अपने पहले ही सीजन में सेगुंडा डिवीजन का खिताब जीता था।

साल 2014 में एंटोनी ग्रीजमैन 30 मिलियन यूरो की क्लब रिकॉर्ड फीस पर एटलेटिको मैड्रिड से जुड़े थे। यहां उन्होंने यूईएफए यूरोपा लीग, यूईएफए सुपर कप, सुपरकोपा डी एस्पाना जीतीं और ला लीगा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी हासिल किया। उन्हें 2016 और 2018 में बेलोन डी’ओर और बेस्ट फीफा मेंस प्लेयर के लिए नामांकित किया गया।

साल 2019 में ट्रांसफर विंडों में ग्रीजमैन ने 120 मिलियन यूरो में एफसी बार्सिलोना के साथ करार किया। इसी के साथ वह उस समय दुनिया के पांचवें सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। वहां उन्होंने कोपा डेल रे जीती, और 2021 में फिर से एटलेटिको मैड्रिड लौट आए, जहां वे क्लब के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर बने। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रीजमैन ने फांस की ओर से 137 मैच खेले, जिसमें 44 गोल दागे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *