नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में स्थित यूईआर-2 राजमार्ग के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हाशिम बाबा गिरोह का संदिग्ध शूटर शिवम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी एक नाबालिग की हत्या सहित हत्या के दो अलग-अलग गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय शूटर शिवम किसी नई और बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से यूईआर-2 हाईवे के आसपास घूमने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर नाकाबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध शिवम को रुकने का इशारा किया, उसने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली शिवम के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
घायल शूटर को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पकड़ा गया आरोपी शिवम कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा के गिरोह के लिए शूटर के रूप में काम करता था। उस पर एक नाबालिग की बेदर्दी से की गई हत्या और एक अन्य हत्या के मामले दर्ज हैं, जिनमें वह काफी समय से फरार चल रहा था।
दिल्ली पुलिस अब शिवम के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ कर हाशिम बाबा गैंग के अन्य सदस्यों, उनके छिपने के ठिकानों और राजधानी में रची जा रही अन्य आपराधिक साजिशों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाएगी।

