इंदौर पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में आए 89 आवेदन

commissioner

इंदौर। मध्य प्रदेश में आम लोगों की समस्याओं के निदान के लिए हर मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में 89 आवेदन आए जिनके समाधान के प्रयास किए गए।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को सुन कर त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से बेटा-बहू, पति-पत्नी द्वारा परेशान करने जैसे आपसी पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, पैसों के लेन-देन, फाइनेंशियल फ्रॉड, सुनवाई न होने की शिकायतें, प्लॉट-मकान, जमीन संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध एवं अन्य पुलिस संबंधित प्रकरण शामिल रहे।

पुलिस कमिश्नर द्वारा प्रत्येक आवेदक की समस्याओं एवं व्यथा को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को समक्ष में एवं फोन के द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को आश्वस्त किया कि इंदौर पुलिस उनकी सुरक्षा, न्याय और अधिकारों के संरक्षण हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।

जनसुनवाई के दौरान अति पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया तथा मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *