चीन ने ट्रंप के दावे को किया खारिज, कहा- बिना सबूत के आरोप स्वीकार नहीं

reject

नई दिल्ली। चीन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका द्वारा रोके गए एक ईरानी जहाज में बीजिंग की ओर से भेजा गया “उपहार” हो सकता है।

शुक्रवार को बीजिंग में नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, “चीन बिना किसी तथ्यात्मक साक्ष्य के लगाए गए आरोपों और अटकलों को खारिज करता है। देशों के बीच सामान्य व्यापार को बाधित या नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।”

दरअसल, ट्रंप ने मंगलवार को दिए इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका ने एक जहाज को रोका है, जिसमें कुछ संदिग्ध सामान था। उन्होंने कहा, “यह शायद चीन की ओर से एक ‘गिफ्ट’ हो सकता है। मुझे इस पर आश्चर्य हुआ, क्योंकि मेरे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अच्छे संबंध हैं और मुझे लगा था कि हमारे बीच समझ बनी हुई है।”

इससे पहले 21 अप्रैल को साउथ कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली ने दावा किया था कि अमेरिका द्वारा हॉर्मुज़ स्ट्रेट में पकड़ा गया जहाज चीन से ईरान जा रहा था और उसमें मिसाइलों के लिए रासायनिक सामग्री हो सकती थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि यह घटना इस बात की याद दिलाती है कि चीन, ईरान सरकार को समर्थन दे रहा है।

वहीं, 20 अप्रैल को गुओ जियाकुन ने मीडिया रिपोर्ट्स में अमेरिकी कार्रवाई पर चिंता जताते हुए कहा था कि हॉर्मुज़ स्ट्रेट की स्थिति “जटिल और संवेदनशील” है। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा जहाज को जबरन रोकना चिंताजनक है और सभी पक्षों को जिम्मेदारी दिखाते हुए तनाव बढ़ाने से बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि हॉर्मुज़ स्ट्रेट, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है, वैश्विक तेल व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से का तेल गुजरता है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते इस क्षेत्र में हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *